जिले में जनगणना 2027 की तैयारी शुरू
*जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी*
कोरबा (अपना आवाम न्यूज)
भारत सरकार के गृह मंत्रालय और जनगणना कार्य निदेशालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्य मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री कुणाल दुदावत द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा जारी की गई है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष कोरबा में आयोजित किया जाएगा, जिसका समय प्रतिदिन प्रातः 10.30 बजे से शाम 05.00 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण दो अलग-अलग सत्रों में क्षेत्रवार संपन्न होगा। प्रथम सत्र के अंतर्गत दिनांक 25 एवं 26 फरवरी 2026 को जिले के समस्त ग्रामीण चार्ज के अधिकारियों, जिनमें कोरबा, करतला, कटघोरा, पाली, पोड़ीउपरोड़ा, भैसमा, बरपाली, दीपका, हरदीबाजार, दर्री, अजगरबहार एवं पसान के सभी तहसीलदार शामिल हैं, को गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इसी क्रम में, द्वितीय सत्र का आयोजन दिनांक 27 एवं 28 फरवरी 2026 को किया जाएगा। इसमें समस्त नगरीय क्षेत्र के अधिकारियों, जिनमें नगर पालिक निगम कोरबा के सभी जोन कमिश्नर, नगर पालिका परिषद कटघोरा, दीपका, बाकीमोंगरा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा नगर पंचायत छुरीकला एवं पाली के अधिकारियों को सम्मिलित किया गया है।
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने समस्त संबंधित चार्ज अधिकारियों और अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जनगणना लिपिक के साथ नियत तिथि और समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें। इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना की तकनीकी बारीकियों और गणना प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों की जानकारी दी जाएगी ताकि जिले में जनगणना का कार्य त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके।
