कोरबा पताढ़ी धाम में भव्य गुरुदर्शन संत समागम का हुआ समापन
* गुरु दीदी प्रियंका ने जोड़ा जैतखाम में पालो चढ़ाकर दिया संत समाज को आशीर्वाद
कोरबा (अपना आवाम न्यूज)
कोरबा जिले के समीप स्थित सतनाम पंथ के प्रमुख तीर्थ स्थल गुरु गद्दी पताढ़ी धाम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर त्रिदिवसीय गुरुदर्शन संत समागम मेला का भव्य आयोजन 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक किया गया। इस आध्यात्मिक एवं सामाजिक समागम में दूर-दराज से आए श्रद्धालु, साधु-संत, महंत, राजमहंत एवं समाज प्रमुख बड़ी संख्या में शामिल हुए।
समागम के समापन अवसर पर जगत गुरु, गुरु गद्दी नशीन विजयकुमार की सुपुत्री राजनंदनी प्रियंका ‘गुरु दीदी’ ने गुरु गद्दी आसन में विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती मंगल संपन्न की। तत्पश्चात उन्होंने जोड़ा जैत खाम में श्रद्धा-भाव से पालो चढ़ाकर संत समाज एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
उक्त कार्यक्रम में संत समाज, सामाजिक प्रमुखों एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं समाज के वरिष्ठ जनों में प्रमुख रूप से राजमहंत रामचन्द्र पाटले आयोजन समिति अध्यक्ष, लखन लहरें अध्यक्ष, आत्माराम पन्ना संरक्षक, देशराम मिरी सचिव, वरिष्ठ राजमहंत दसे राम खांडे, राजमहंत राजेश्वर भार्गव, राजमहंत पी.एल. कोसरिया, राजमहंत जे.पी. कोशले, अखिल भारतीय सतनामी युवा कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनीराम जांगड़े, राजमहंत सुंदरसाय बंजारे, राजमहंत राजनारायण निराला, भुलाऊं राम, राजमहंत भुवन लहरें, राजमहंत खड़कदास, जिला महंत गछराम, छड़ीदार भंडारी सहित बड़ी संख्या में साधु-संत एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर गुरु दीदी प्रियंका ने संत समाज को संबोधित करते हुए कहा कि सतनाम पंथ का मूल उद्देश्य मानवता, समरसता, सेवा और सद्भावना का प्रसार करना है। उन्होंने युवाओं से समाज की परंपराओं, गुरु परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया। तीन दिवसीय गुरुदर्शन संत समागम मेले के दौरान भजन-कीर्तन, प्रवचन, गुरु दर्शन, सत्संग एवं सामाजिक विमर्श के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
