रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी एवं घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानी पर तत्काल रोक लगाई जाए
**गोदाम से वितरण बंद कर उपभोक्ता के घर पर ही नियमित एवं पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए — भाकपा कोरबा**
कोरबा (अपना आवाम न्यूज)
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने छत्तीसगढ़ में रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की बढ़ती कालाबाजारी, जमाखोरी एवं घरेलू उपभोक्ताओं को हो रही गंभीर परेशानी पर अत्यंत गहरी चिंता व्यक्त की है। पार्टी ने राज्य सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है ताकि आम जनता की रसोई ठप न हो।
कोरबा के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद केंद्र एवं राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देकर सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। दुर्भाग्यपूर्ण रूप से, कुछ गैस एजेंसियों का ऑनलाइन बुकिंग एवं घर-घर डिलीवरी को लगभग बंद कर चुकी हैं और उपभोक्ताओं को गोदाम पर जाकर मनमाने दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर कर रही हैं।
इससे कालाबाजारी चरम पर पहुंच गई है।
कॉमरेड पवन कुमार वर्मा ने आगे कहा, "यह संकट केवल आपूर्ति की कमी का नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही, अदूरदर्शिता एवं कुछ स्तरों पर संभावित मिलीभगत का भी है। हजारों गरीब-मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई संकट में है, जबकि होटल-रेस्तरां बंद हो रहे हैं। सरकार की ओर से प्रभावी मॉनिटरिंग एवं सख्त कार्रवाई का अभाव स्पष्ट दिख रहा है।"
*भाकपा की प्रमुख मांगें:*
. आम उपभोक्ताओं से यह जानकारी मिल रही है कि ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रहा है। ऑनलाइन बुकिंग सुलभ कराया जाए।
- गोदाम से सीधे सिलेंडर वितरण तत्काल बंद किया जाए तथा सभी घरेलू उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार घर पर ही नियमित, समयबद्ध एवं पारदर्शी डिलीवरी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
- कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अधिक मूल्य वसूली करने वाले एजेंसी मालिकों, डीलरों एवं संदिग्ध अधिकारियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, जिसमें ESMA के तहत दंडात्मक प्रावधान भी शामिल हों।
- जिला स्तर पर संयुक्त निगरानी टीम (प्रशासन, पुलिस, गैस कंपनी प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि) गठित की जाए, जो रोजाना शिकायतों का निपटारा करे।
- उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए प्रभावी हेल्पलाइन एवं ऑनलाइन पोर्टल को सक्रिय एवं सुलभ बनाया जाए।
यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी द्वारा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन एवं जन-आंदोलन चलाया जाएगा।
