कोरबा। होली के मौके पर नशेड़ियों ने अपना कहर जमकर बरपाया। सिटी कोतवाली क्षेत्र के सीतामढ़ी इमलीडुग्गू इलाके में 4 से 5 नशेडी युवकों ने चाकू और आपरेशन में उपयोग होने वाले सर्जरी ब्लेड से हमला कर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया है।
इस घटना में परवीन कुमार बरेठ व मुकेश कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हैं वहीं धन सिंह, मोहन ठाकुर को भी चोट आई है। एक युवक।के सिर में ईंट से बुरी तरह प्रहार किया गया। दो लोग गम्भीर हालत में आईसीयू में भर्ती हैं। इस वारदात को अंजाम देने वाले युवक मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा, राकेश है जो कि आदतन अपराधी व नशेड़ी प्रवृत्ति के युवक हैं।मोहल्ले वासियों ने जानकारी देते हुए बताया कि सीतामढ़ी इलाके में नशे का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। यही वजह है कि आए दिन इलाके में चाकू, छुरी,तलवार चलते रहता है जिस पर कोतवाली पुलिस का कोई अंकुश नहीं है। लिहाजा इस तरह की घटना इलाके में आम बात हो गई है। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में बस्तीवासी कोतवाली पहुंचे हुए हैं और तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
