ब्लैक फिल्म लगा वाहन चलाने वाले वाहन चालकों पर जिला यातायात विभाग ने की सख्त कार्यवाही
कोरबा (अपना आवाम न्यूज)
कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा अभियान खत्म होने के बाद भी शहर में यातायात नियमों को लेकर जिला यातायात पुलिस विभाग के द्वारा सख्ती कम नहीं हुई है। यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अब वाहनों में अवैध रूप से लगी काली फिल्म के खिलाफ विशेष कार्यवाही शुरू की गई है।
जांच के दौरान अलग-अलग चेकिंग प्वाइंट पर टीमों ने कई गाड़ियों को रोककर निरीक्षण किया। जिन वाहनों में नियमों के विरुद्ध ब्लैक फिल्म पाई गई, उन्हें तुरंत हटवाया गया और संबंधित चालकों पर अर्थदंड लगाया गया। पुलिस ने कहा कि वाहनों की सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। अवैध ब्लैक फिल्म न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरा माना जाता है। इसलिए आगे भी इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी।
इसके अलावा अवैध पार्किंग और मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वालों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। संबंधित मामलों में कानूनी कार्यवाही कर अर्थदंड वसूला जा रहा है। यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं।
