सभी अधिकारियों का मंगलवार एवं बुधवार को कार्यालय में उपस्थिति अनिवार्य: कलेक्टर श्रीमती मिश्रा
समय-सीमा की बैठक में दिए निर्देश
ग्रीष्मऋतु के दौरान आम जनता को समुचित मात्रा में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने समय पूर्व तैयारी करने के दिए निर्देश
बालोद (अपना आवाम न्यूज)
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों को मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने-अपने मुख्यालय एवं कार्योलयों में उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का संपादन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को राज्य शासन द्वारा जारी किए गए इस आदेश का अपने-अपने विभागों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने ग्रीष्मऋतु के आगमन के मद्देनजर जिले के आम नागरिकों के लिए समुचित मात्रा में पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ग्रीष्मकाल के दौरान किसी भी स्थिति में जिलेवासियों को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की समस्या से जुझना न पड़े। इसके लिए उन्होंने समय पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष एवं राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने राज्य शासन द्वारा राज्य के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों को मंगलवार एवं बुधवार को कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थिति के संबंध में जारी किए गए निर्देशों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारियों को मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय एवं कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यालयीन नस्तियों का निराकरण, विभागीय समीक्षा एवं आम जनता के समस्याओं का समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा अधिकारियों का दौरा कार्यक्रम गुरूवार एवं शुक्रवार को निर्धारित किया गया है। श्रीमती मिश्रा ने सभी अधिकारियों को राज्य शासन के द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देश के अनुसार गुरूवार एवं शुक्रवार के दिन अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कार्यक्रम करने के भी निर्देश दिए हैं। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने आगामी ग्रीष्मऋतु के मद्देनजर जिले में आम नागरिकों को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके लिए उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जनपद पंचायत, नगरीय निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों को कार्ययोजना बनाकर समय पूर्व इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों का सुबह 10 बजे अपने-अपने कार्यालयों में पहुँचने के पश्चात् बायोमेट्रिक उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने सभी विभागों में ई-आॅफिस के समुचित क्रियान्वयन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी विभागों में शतप्रतिशत ई-फाईलिंग के माध्यम से कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि किसी भी स्थिति में मैनुअल पद्धति में कार्य न किया जाए। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभागों में स्टेट पर्चेसिंग रूल के आधार पर ही आवश्यकता अनुसार खरीदी-बिक्री सुनिश्चित करने तथा सभी अधिकारियों को अनिवार्य रूप से पर्चेसिंग रूल का प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभागों के अंतर्गत शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्धारित समयावधि में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से कार्ययोजना बनाकर अपने पास अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि मेरे अनुमोदन के पश्चात् सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना का समय-सीमा में समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिले में चावल उत्सव के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने राज्य सरकार के द्वारा पिछले वर्ष की भाँति इस वर्ष भी प्रदेश में सुशासन तिहार के आयोजन करने की जानकारी दी। इसके लिए उन्होंने सभी विभागों को पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर ने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों में आम जनता से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी आवेदनों का शत प्रतिशत गुणवत्तायुक्त निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले के अंतिम छोर में स्थित डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम कमकापार में गुरूवार 26 फरवरी को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को ग्राम कमकापार में आयोजित इस जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले के सभी शालाओं में बालिका शौचालयों के निर्माण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी शालाओं में अनिवार्य रूप से 08 मार्च तक बालिका शौचालयों के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत बनाने हेतु ग्राम पंचायतों का चयन करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गुरूर को गुरूर विकासखण्ड के पर्यटन स्थल ओनाकोना को पर्यटन सर्किट बनाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
