कोरबा में भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मना, दीनदयाल कुंज बना उत्सव का केंद्र
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को भाजपा जिला मुख्यालय पं. दीनदयाल कुंज, टीपी नगर कोरबा में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद गोष्ठी आयोजित कर पार्टी के विचारों और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उद्योग व आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला महामंत्री संजय शर्मा व अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन एवं वरिष्ठ नेत्री ज्योति वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा जिला मुख्यालय को आकर्षक झालरों, रंगोली एवं दीप से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय माहौल में नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने भाजपा की विचारधारा, गौरवशाली इतिहास और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित किया। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में पार्टी का ध्वज फहराएं। साथ ही गांव चलो–बस्ती चलो अभियान के तहत गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करेंगे। इस दौरान आम जनता को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा और स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी के नेताओं ने संघर्ष जारी रखा
वक्ताओं ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। इससे पूर्व पार्टी के नेता भारतीय जनसंघ के रूप में कार्यरत थे, जिसकी स्थापना अक्टूबर 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा की गई थी। जनसंघ को आगे बढ़ाने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी एवं लालकृष्ण आडवाणी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा गया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लागू कर विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी के नेताओं ने संघर्ष जारी रखा।
अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया
वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। एक वोट से सरकार गिरने के बावजूद उन्होंने सत्ता के लिए अनुचित रास्ता अपनाने से इंकार किया। उनके कार्यकाल में भारत ने परमाणु शक्ति के रूप में अपनी पहचान मजबूत की तथा शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए।
मोदी सरकार के ऐतिहासिक फैसले और जनकल्याणकारी योजनाएं बनीं विकास की पहचान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कश्मीर से धारा 370 हटाने, राम मंदिर के निर्माण तथा देशभर में आधारभूत सुविधाओं के व्यापक विस्तार को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में सशक्त रूप से कार्य कर रही है। केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया है, जिससे गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को सशक्त बनाने में मदद मिली हैं।



