अरमरीकला जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों को मिला अनेक सौगात, 1689 आवेदनों का किया गया मौके पर निराकरण
विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, संभागायुक्त, कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों एवं आला अधिकारी हुए शिविर में शामिल
शिविर में राजस्व पखवाड़ा का किया गया शुभारंभ
बालोद (अपना आवाम न्यूज)
जिला प्रशासन द्वारा गुरूर विकासखण्ड के ग्राम अरमरीकला में आज आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम अरमरीकला एवं आसपास के ग्रामीणों के लिए सौगातों भरा रहा। क्षेत्रीय विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, संभाग आयुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविर की बेहतरीन आयोजन की भूरी-भूरी सराहना की।
इस मौके पर अतिथियों के द्वारा ग्राम अरमरीकला में आयोजित इस जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से बालोद जिले में राजस्व पखवाड़ा का विधिवत शुभारंभ भी किया गया। अरमरीकला शिविर में आज अनेक हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवनिर्मित आवासों के आवासपूर्णता प्रमाण पत्र, मुकबधिर हितग्राहियों को श्रवण यंत्र एवं दिव्यांग हितग्राहियों को छड़ी और इलेक्ट्रिक व्हील चेयर प्रदान करने के अलावा मत्स्य विभाग के योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को मछली जाल, आईस बाॅक्स प्रदान करने के साथ ही ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन के अनेक जनकल्याणकारी योजनओं से लाभान्वित किया गया।
इस मौके पर शिविर में विभिन्न विभागों से प्राप्त कुल 1843 आवेदनों में से 1689 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान आयोजित राजस्व पखवाड़ा में ग्राम सांगली के 255 तथा ग्राम पिकरीपार के 125 सहित 380 लाभार्थियों को अधिकार अभिलेख (स्वामित्व कार्ड) का भी वितरण किया गया। उल्लेखनीय है कि शिविर में आयोजित राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत अरमरीकला शिविर में शामिल कुल 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों से अविवादित बटवारा, नक्शा बटांकन, सीमांकन, भूअर्जन, त्रुटि सुधार आदि से संबंधित कुल 94 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व विभाग के अधिकारियों के द्वारा प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के उपरांत इसमें से 40 आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया। उल्लेखनीय है कि पिछले जनसमस्या निवारण शिविर की भाँति कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ बस में सवार होकर ग्राम अरमरीकला पहुँचे।
जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों के ग्राम अरमरीकला पहुँचने पर एसडीएम श्री आरके सोनकर, तहसीलदार श्री हनुमंत श्याम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा ग्रामीणों एवं स्व सहायता समूह की महिलाओं के साथ संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं अधिकारियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अरमरीकला शिविर में आज जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संजय साहू, जनपद उपाध्यक्ष श्री दुर्गानंद साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती लक्ष्मी अशोक साहू, श्रीमती चंद्रिका गंजीर, श्रीमती कांति सोमेश्वरी एवं तेजराम साहू सहित जनपद सदस्य श्री नरेश कुमार साहू, डाॅ. हरिकृष्ण गंजीर, संध्या अजेन्द्र साहू, झालेन्द्र कुमार साहू, श्री तांसी देहारी, लता साहू एवं आशीष कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
शिविर में अतिथियों के द्वारा ग्राम भुलनडबरी निवासी श्रीमती परमुनी बाई को उनके पति श्री बिशेसर राम के तालाब में डुबने से मौत हो जाने के कारण आरबीसी 6-4 के तहत 04 लाख रूपए का चेक प्रदान किया गया। इसी तरह मुख्यमंत्री ई रिक्शा सहायता योजना अंतर्गत ग्राम कुम्हारखान के श्रीमती ईश्वरी साहू एवं श्रीमती पार्वती बाई को अनुदान राशि के रूप में 01-01 लाख रूपए का डेमो चेक भी प्रदान किया गया।
इसके अलावा मत्स्य विभाग के विभागीय योजना अंतर्गत पंजीकृत दो मछुवारा सहकारी समितियों को जाल एवं आईस बाॅक्स वितरण करने के अलावा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत 02 हितग्राहियों को तालाब निर्माण की अनुमति एवं 01 स्व सहायता समूह को मछली पालन हेतु 10 वर्षीय पट्टा अनुमति प्रदान किया गया। इसी तरह कृषि विभाग के मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना अंतर्गत 05 कृषकों को प्रमाणपत्र वितरक, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 03 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत 07 हितग्राहियों को रसोई गैस कन्नेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत 04 हितग्राहियों को 12-12 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान किया गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग के द्वारा 02 हितग्राहियों को बैटरी चलित ट्राय सायकिल एवं 01 हितग्राही को सामान्य ट्राय सायकल, 07-07 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र एवं छड़ी प्रदान किया गया। इसके अलावा शिविर में अतिथियों के द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक के आयु वर्ग के 03 बुजुर्गों को वय वंदन कार्ड भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही टीवी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 01 व्यक्ति को निक्षय पोषण किट प्रदान किया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा गुरूर विकासखण्ड के सफल कृषकों को उत्कृष्ट खेती के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने ग्राम अरमरीकला में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के बेहतर आयोजन की सराहना की। उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत भी किया। श्रीमती सिन्हा ने सभी विभागों के अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों को पूरी संवदेनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित कर आम जनता को शासन के जनकल्याणकारी योजना से लाभान्वित कराने को कहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने जिला प्रशासन द्वारा ग्राम अरमरीकला में बेहतरीन जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा प्रशासनिक अमले को आम जनता के बीच भेजकर उनके मांगों एवं समस्याओं का पड़ताल करने तथा उसका समुचित निराकरण सुनिश्चित करने हेतु जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों को शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने को कहा। इस दौरान श्रीमती चंद्राकर ने बाल विवाह को एक सामाजिक अभिशाप बताते हुए शिविर में उपस्थित लोगों को बाल विवाह की रोकथाम सुनिश्चित करने के कार्य में सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई। संभागायुक्त श्री सत्य नारायण राठौर ने जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। श्री राठौर ने जनसमस्या निवारण शिविर के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए आम नागरिकों को शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा आम जनता के राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु 01 अप्रैल से 15 जून तक राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। श्री राठौर ने कहा कि राज्य शासन के मंशानुरूप राजस्व पखवाड़ा के दौरान प्रशासनिक अमले के द्वारा आम जनता से प्राप्त आवेदनों का शत प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। संभागायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मंशानुरूप वर्ष 2047 तक देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य को विकसित बनाने की दिशा में आम जनता का सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम अरमरीकला में बेहतरीन जनसमस्या निवारण शिविर के आयोजन के लिए जिला प्रशासन की भूरी-भूरी भी सराहना की। इस दौरान संभागायुक्त श्री राठौर ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को पानी के विवेकपूर्ण उपयोग तथा इसके संरक्षण एवं संवर्धन कर जल संरक्षण के कार्य में महती भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु शपथ भी दिलाई। शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम अरमरीकला सहित आसपास के कुल 16 ग्राम पंचायतों की ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति की सराहना करते हुए सभी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों के समुचित निराकरण की भी भूरी-भूरी सराहना की। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि ग्राम अरमरीकला में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण के साथ-साथ राजस्व पखवाड़ा का भी आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि 01 अप्रैल से 15 जून तक आयोजित राजस्व पखवाड़ा के दौरान अविवादित बटवारा, नक्सल बटांकन, सीमांकन, भूअर्जन, त्रुटि सुधार आदि समस्याओं का समुचित निराकरण किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित शिविरों में राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु प्रस्तुत कर इसका समुचित लाभ उठाने की अपील की। शिविर को जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीत संजय साहू एवं अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिविर के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी।
इस मौके पर अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार करने के अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंट कर उनके गोदभराई रस्म को पूरा किया गया। शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के स्टाॅल में चिकित्सकों के द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। अरमरीकला में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग को प्राप्त 240 आवेदनों में से 240, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्राप्त 280 आवेदनों में से 280, तहसील कार्यालय गुरूर को प्राप्त 218 आवेदनों में 218, महिला बाल विकास विभाग को 44 में से 44, खाद्य विभाग को प्राप्त 36 आवेदनों में से 36, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 22 में से 21, कृषि विभाग को 06 में से 06, विद्युत विभाग को 15 में से 15, शिक्षा विभाग को 14 में से 14 आवेदन, श्रम विभाग को 17 में से 17 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।




