सुशासन तिहार 2026: प्राथमिक शाला मैदान भैंसबोड़ में 18 मई को आयोजित किया जाएगा जनसमस्या निवारण शिविर
दिव्यांगजनों का बनाया जाएगा नवीन दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड
बालोद (अपना आवाम न्यूज)
सुशासन तिहार 2026 अन्तर्गत डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम प्राथमिक शाला मैदान भैंसबोड़ में 18 मई 2026 को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री अजय गेडाम ने बताया कि भैंसबोड़ में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम पंचायत भैंसबोड़ अंतर्गत समीपस्थ 20 ग्राम पंचायतों के दिव्यांग हितग्राही भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में दिव्यांगजनों के परीक्षण एवं प्रमाणीकरण हेतु जिला मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ भी उपस्थित रहेंगें। शिविर में नवीन दिव्यांगता प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र का नवीनीकरण एवं यूडीआईडी कार्ड बनाये जायेंगे साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी तथा दिव्यांगता पेंशन हेतु फार्म भरें जायेंगे। श्री गेडाम ने बताया कि समाज कल्याण विभाग बालोद द्वारा जनसमस्या निवारण शिविर में दूरस्थ ग्रामों में निवासरत् दिव्यांगजन की उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु परिवहन व्यवस्था की गई है। साथ ही शिविर स्थल में दिव्यांगजनों हेतु चाय, नाश्ता एवं वर्तमान में गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि उक्त संबंध में अधिक जानकारी समाज कल्याण विभाग बालोद अन्तर्गत कार्यरत कर्मचारी श्री विकास कुमार देवांगन मोबाईल नंबर 77729-90076 से संपर्क किया जा सकता है।
